मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया निर्णय

गोरेगांव ड्रग्स प्रकरण के बाद उपनगर जिलाधिकारी कार्यालय में बुलाई गई थी बैठक
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के ओवरडोज से दो छात्रों की मौत की चौंकाने वाली घटना सामने आने के बाद युवा पीढ़ी पर नशे के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से महसूस किया गया है। इस स्थिति को देखते हुए निवारक उपायों और युवाओं में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 1 मई (महाराष्ट्र दिवस) से ‘मुंबई अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान एक वर्ष तक चलाया जाएगा। यह जानकारी उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दी।
गोरेगांव ड्रग्स प्रकरण के बाद मंत्री लोढ़ा ने उपनगर जिलाधिकारी कार्यालय में इस विषय पर विशेष बैठक बुलाई थी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक अमित साटम भी उपस्थित थे। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस जी इस प्रकरण पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। मुंबई पुलिस ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजकों और कुछ ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कड़ी सजा मिलेगी। हालांकि, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जनजागरूकता बेहद आवश्यक है, इसी उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई।
मंत्री लोढा ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में समाज के सभी घटकों को साथ लेकर 1 मई 2026 से 1 मई 2027 तक ‘मुंबई अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान चलाया जाएगा। प्रारंभिक स्तर पर यह अभियान उपनगर क्षेत्र में लागू किया जाएगा और बाद में इसे व्यापक स्तर पर पूरे मुंबई में विस्तार दिया जाएगा। आगामी दिनों में सालभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी और इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।

स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बनेंगे समिति के अध्यक्ष
नशामुक्ति क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि को समिति का अध्यक्ष बनाया जाएगा, जबकि मनपा के वर्तमान वार्ड अध्यक्ष उपाध्यक्ष होंगे। इसके अलावा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी, स्थानीय पुलिस थाने के वरिष्ठ अधिकारी, मनोचिकित्सक, शिक्षा अधिकारी सहित कुल 12 सदस्य समिति में होंगे। साथ ही सांसद, विधायक और नगरसेवक विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।यह समिति सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ) के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने का कार्य करेगी।
ड्रग्स के खिलाफ जनांदोलन खड़ा करना जरूरी
मंत्री लोढ़ा ने बताया कि मुंबई पुलिस पिछले 16 महीनों से ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल पुलिस कार्रवाई से हल नहीं होगी, बल्कि इसके लिए जनआंदोलन खड़ा करना आवश्यक है।
जब युवा नशे को “ना” कहेंगे तभी जीत संभव – साटम
मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक अमित साटम ने कहा कि युवाओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता बढ़ानी होगी। स्कूल, कॉलेज, बड़े होटल और मॉल जैसे स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को मनोरंजन से दूर रखना समाधान नहीं है, बल्कि उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त तरीके से जीवन का आनंद लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि जब युवा स्वयं नशे को “ना” कहेंगे, तभी इस लड़ाई में जीत संभव होगी।
मुंबई उपनगर जिलाधिकारी सौरभ जी कटियार ने आश्वासन दिया कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में एंटी-नारकोटिक्स सेल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा छात्र प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
*******
