छात्रों में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत होगी – कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी की प्रमुख उपस्थिति में रविवार को नामकरण समारोह एवं नई इमारत का लोकार्पण
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी के मार्गदर्शन में नागपुर जिले के कामठी स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को शहीद हेमंत करकरे का नाम देने का महत्वपूर्ण निर्णय कौशल विकास विभाग द्वारा लिया गया है। कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि इस निर्णय से देश के लिए बलिदान देने वाले वीर अधिकारी की स्मृति को सम्मान दिया जा रहा है तथा इससे विद्यार्थियों में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा जागृत होगी।
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के दौरान आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए हेमंत करकरे महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी पथक (एटीएस) के प्रमुख थे। उनका बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उनके साहस, नेतृत्व और देशसेवा के सम्मान में आईटीआई का नामकरण किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस नामकरण से कामठी स्थित आईटीआई की पहचान और अधिक प्रेरणादायी बनेगी तथा यहां के विद्यार्थी करकरे के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कौशल विकास के साथ-साथ राष्ट्रसेवा की भावना को भी आगे बढ़ाएंगे। लोढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रस्तुत “विकसित भारत” की संकल्पना के अंतर्गत महान भारतीय व्यक्तित्वों, समाजसेवकों और शहीदों का सम्मान करने का व्यापक कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी के मार्गदर्शन में कौशल विकास विभाग ने राज्यभर में आईटीआई संस्थानों का नाम महान विभूतियों के नाम पर रखने का अभियान शुरू किया है।
इस निर्णय का विभिन्न स्तरों पर स्वागत किया जा रहा है। साथ ही इस कार्य के लिए परिश्रम करने वाले कौशल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का मंत्री लोढ़ा ने आभार व्यक्त किया है।
*****
