
*स्वदेशी को प्रोत्साहन देने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कौशल विकास मंत्री लोढ़ा ने जताया आभार
*कौशल विकास विभाग को कार्यवाही हेतु मंत्री लोढ़ा का पत्र
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार की स्वदेशी नीति के कारण भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिल रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रशासन में भारतीय सलाहकार कंपनियों को नियुक्त करने की नीति बनाई है, जिसके संबंध में शासन निर्णय जारी किया गया है। इस निर्णय का राज्य में सबसे पहले क्रियान्वयन कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग द्वारा किया जा रहा है।
इस संबंध में मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने देशी सलाहकार कंपनियों की सेवाएं उपलब्ध कराने के विषय में कौशल विकास विभाग को पत्र भी लिखा है। मुख्यमंत्री द्वारा स्वदेशी को प्रोत्साहित करने का लिया गया निर्णय अत्यंत उचित है और इसका प्रथम क्रियान्वयन कौशल विभाग द्वारा किए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी जयंती के अवसर पर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में कौशल विभाग ने राज्य के आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में नियमों में शिथिलता देकर 300 वर्ग फुट क्षेत्र में ‘महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल विकास केंद्र’ (औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र) शुरू करने का निर्णय लिया है। इस उपक्रम में विभाग द्वारा सूचीबद्ध भारतीय सलाहकार कंपनियों की सेवाएं ली जाएंगी।
महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल विकास केंद्र के संचालन हेतु सलाहकार सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य सावित्रीबाई फुले महिला एकात्म समाज मंडल (छत्रपति संभाजीनगर), सेंटर ऑफ पॉलिसी रिसर्च एंड गवर्नेंस (मुंबई), सेवा सहयोग फाउंडेशन (पुणे) तथा विवेक व्यासपीठ (मुंबई) जैसी सूचीबद्ध संस्थाओं को सौंपने के निर्देश पत्र में दिए गए हैं।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘नए भारत’ की संकल्पना में स्वदेशी को विशेष महत्व दिया है। ‘मेक इन इंडिया’ के कारण भारतीय उद्यमियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और भारतीय उत्पाद विश्व स्तर पर लोकप्रिय हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री देवेंद्रजी फडणवीस द्वारा राज्य में लागू की गई इस स्वदेशी नीति के तहत अब विदेशी सलाहकार कंपनियों के स्थान पर भारतीय प्रतिभाशाली युवा प्रशासन के सहयोग के लिए आगे आएंगे। उनकी बुद्धिमत्ता को उचित सम्मान मिलेगा और भारतीय सलाहकार कंपनियां वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार होंगी।
*****
