मुंबई महानगरपालिका को केईएम के ‘किंग एडवर्ड’ नाम को बदलने पर विचार करना चाहिए

कैबिनेट मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढ़ा का सुझाव
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। एक ओर मुंबई शहर के लोकल रेलवे स्टेशनों के अंग्रेज़ी नाम बदलने का निर्णय लिया जा रहा है, वहीं अब मुंबई के केईएम अस्पताल के ‘किंग एडवर्ड’ नाम को बदला जा सकता है या नहीं, इस पर मुंबई महानगरपालिका को विचार करना चाहिए, ऐसा सुझाव मुंबई उपनगर के सह-पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दिया है। वे केईएम अस्पताल और सेठ गोर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज के शताब्दी महोत्सव के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान मंत्री लोढ़ा ने मरीजों की सेवा से जुड़े कुछ मार्गदर्शक कूच अन्य सुझाव भी दिए।
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि देश की आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाए जाने के बावजूद अब तक अंग्रेज़ों की निशानियाँ पूरी तरह नहीं मिटाई गई हैं। केईएम अस्पताल का नाम ब्रिटिश शासन और गुलामी का प्रतीक है। किंग एडवर्ड का हमसे कोई संबंध नहीं है। इसलिए इस नाम को बदला जा सकता है या नहीं, इस पर मुंबई महानगरपालिका को विचार करना चाहिए। इस संबंध में आगे का निर्णय नगर निगम प्रशासन लेगा, यह भी उन्होंने स्पष्ट किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इसी केईएम अस्पताल में सेठ गोर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज भी स्थित है।
इसके साथ ही मंत्री लोढ़ा ने अस्पताल और मरीजों से संबंधित कुछ सुझाव भी प्रशासन को दिए। समय के अनुसार अब मरीजों के इलाज में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए। किसी विशेष मामले में मरीज को विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक उपचार तुरंत मिल सके, इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों के लिए दुनिया की अन्य उन्नत तकनीकों की सहायता लेने वाली कम्युनिकेशन व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

साथ ही, मरीजों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए प्रशासन को स्वास्थ्य सुविधा केंद्र स्थापित करने चाहिए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी कम हो सके। मरीजों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए उनके इलाज, दवाइयों और जांच से संबंधित जानकारी एक साथ उपलब्ध कराने हेतु अस्पताल में डिजिटल केंद्र भी होने चाहिए, ऐसे सुझाव मंत्री लोढ़ा ने दिए।इस अवसर पर अस्पताल की अधिष्ठाता डॉ. संगीता रावत ने भविष्य की मरीज-सेवा योजना की जानकारी भी उपस्थितों को दी।
केईएम अस्पताल और सेठ गोर्धनदास सुंदरदास मेडिकल कॉलेज के शताब्दी महोत्सव कार्यक्रम में विधायक कालिदास कोलंबकर, उप आयुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उघड़े, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. शैलेश मोहिते, लोकमान्य तिलक अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. मोहन इंगळे और दक्षिण मुंबई भाजपा की अध्यक्ष शलाका सालवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
—-
