अबू आज़मी पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए

‘वंदे मातरम्’ गीत का विरोध करने वाले आज़मी को मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा का करारा जवाब
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से औतप्रोत ‘वंदे मातरम्’ गीत का विरोध करने वाले अबू आज़मी पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए, ऐसी मांग कौशल विकास मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने की है। आज़मी ने यह आपत्तिजनक बयान दिया है कि ‘वंदे मातरम्’ गीत से उनकी भावनाएं आहत होती हैं। इसी पर लोढ़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

अबू आज़मी ने ‘वंदे मातरम्’ का विरोध करके करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का अपमान किया है। उनके बयान में विघटनकारी प्रवृत्ति दिखाई देती है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। “हम राष्ट्रभक्ति की भावनाओं से ‘वंदे मातरम्’ कहते रहेंगे। इसके साथ ही हम आज़मी के मानखुर्द विधानसभा क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे और उन्हें भी आमंत्रित करेंगे। इस कार्यक्रम का वह विरोध करके दिखाएं,” ऐसा चुनौतीपूर्ण आव्हान मंत्री लोढ़ा ने आज़मी को दिया है।
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कवि बंकिमचंद्र चटोपाध्याय ने 7 नवंबर 1875 को इस गीत को अमर बनाया था। उस ऐतिहासिक घटना को 7 नवंबर को 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्यभर में कौशल विभाग द्वारा सार्ध शताब्दी महोत्सव मनाया जा रहा है। विश्वविद्यालयों, आचार्य चाणक्य कौशल केंद्रों, तथा सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सामूहिक गीतगान, देशभक्ति भाषण, निबंध लेखन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में राज्य स्तर और तालुका स्तर पर समितियाँ भी बनाई गई हैं, ऐसी जानकारी भी मंत्री लोढ़ा ने दी।
