बाढ़ग्रस्त किसानों को सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी – मंगल प्रभात लोढ़ा

जा. न्यूज़ ब्यूरो
जालना।अतिवृष्टि के कारण मराठवाड़ा के किसानों की फसलों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और किसान कठिनाई में फँस गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने आज जालना जिले के बदनापुर तहसील के शेलगांव में किसानों के खेत पर पहुँचकर उनकी समस्याएँ जानीं।राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और बाढ़ग्रस्त किसानों को हरसंभव मदद दी जाएगी, ऐसा इस अवसर पर मंत्री लोढ़ा ने कहा।
नियमों में शिथिलता बरतकर तात्कालिक मदद देने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए
किसानों को तत्काल राहत तथा फसलों के नुकसान की भरपाई हेतु मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस सक्रिय हैं। उनके निर्देशानुसार मंत्रिमंडल के सदस्य राज्य के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी शेलगांव पहुँचकर प्रभावित किसानों से संवाद किया, स्थिति का आकलन किया और किसानों को आश्वस्त किया। साथ ही उन्होंने जालना जिलाधिकारी को नियमों में शिथिलता बरतकर किसानों को तुरंत सहायता देने के निर्देश दिए।
राजस्व और कृषि अधिकारियों से उन्होंने कहा कि शीघ्र पंचनामा कर शासन को नुकसान का अहवाल भेजें, जिससे किसानों को तुरंत मुआवजा मिल सके। प्रत्येक प्रभावित किसान का पंचनामा होना चाहिए। बहकर गई भूमि, नष्ट हुई फसलें, मृत पशु, कुओं में भरा गाद, इन सबका पंचनामा करें, ऐसे आदेश मंत्री लोढ़ा ने संबंधित अधिकारियों को दिए।

अतिवृष्टि के कारण शेलगांव और अन्य क्षेत्रों की आधारभूत संरचनाओं को भी नुकसान पहुँचा है। वहाँ की सड़कें, पानी और बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों ने तत्परता दिखाकर किसानों को राहत देनी चाहिए, ऐसे निर्देश मंत्री लोढ़ा ने दिए।
एक भी किसान सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री फडणवीस प्रयासरत हैं और दिवाली से पहले ही किसानों को मदद मिल जाएगी, यह भी उन्होंने स्पष्ट किया।
जालना जिले के शेलगांव के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र का मंत्री लोढ़ा ने किया दौरा
बाढ़ राहत के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिए 51 लाख
अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने से पहले मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने राज्य के बाढ़ग्रस्तों की सहायता के लिए 51 लाख रुपये का धनादेश मुख्यमंत्री श्री देवेंद्रजी फडणवीस को सुपुर्द किया है। बाढ़ की स्थिति से प्रभावित नागरिकों के लिए मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने यह राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि हेतु प्रदान की है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पिछले कुछ समय से मराठवाड़ा, नांदेड़, जालना, बीड और सोलापुर सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों को अतिवृष्टि और बाढ़ का बड़ा सामना करना पड़ा है। इसके कारण खेती और घरों को भारी नुकसान पहुँचा है और अनेक परिवारों को संकट का सामना करना पड़ा है। इस पृष्ठभूमि में मंत्री लोढ़ा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ है।
