डॉक्टरों ने दी आराम करने की सलाह
मुंबई
लगातार यात्रा और गर्मी की वजह से मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ गई। इस वजह से कैबिनेट बैठक सहित दिन भर के अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
बता दें, चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है , सभी दल अपने अपने क्षेत्रों में और अन्य क्षेत्रों में असीम संभावनाएं खोज रहे हैं , सभी राजनीतिक दल के लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के अनुरूप समर्थको और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच प्रचार और प्रसार व्यस्त है। इसी के बीच मुख्यमंत्री को हल्के बुखार, काम के तनाव और रक्तचाप के कारण शारीरिक थकान महसूस होने पर तुरंत डॉक्टरों की एक टीम को सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर बुलाया गया। जांच करने के बाद डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी।
सोमवार को मुख्यमंत्री नक्सलवाद पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे। अमित शाह के साथ राजनीतिक चर्चा के बाद दिन भर चली बैठक के बाद शिंदे मंगलवार सुबह मुंबई पहुंचे। वर्षा पहुंचने के बाद एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब होने लगी। डॉक्टर की सलाह के मुताबिक शिंदे ने मंगलवार को आराम किया। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए वर्षा बंगले पर विधायकों, अधिकारियों और नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी, हालांकि उनमें से किसी को भी शिंदे से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
इस बीच कैबिनेट बैठक समेत एकनाथ शिंदे के दिनभर के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। मंगलवार के कार्यक्रम की सूची में म्हाडा मुंबई सहित विभिन्न आवासीय परियोजनाओं के वितरण की लॉटरी, महिला सशक्तिकरण मिशन के तहत सोलापुर दौरा, महाप्रीत के निदेशक मंडल की बैठक, राजभवन में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइझू के प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक और रात को कुर्ला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन, लोकार्पण के कार्यक्रम शामिल थे।
