
चंदौली,
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित ओदरा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की श्रीराम कथा का आयोजन चल रहा है। भाजपा विधायक सुशील सिंह के सानिध्य में आयोजित इस कथा में शामिल होने पहुंचे जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने रामकथा के आयोजनों और प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया।
धनंजय सिंह ने कहा कि रामकथा के आयोजन पहले भी होते थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इनमें बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हो रहे हैं। कथा में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग भी एक साथ बैठकर रामकथा सुन रहे हैं।
योगी सरकार को लेकर क्या बोले धनंजय सिंह?
उत्तर प्रदेश की मौजूदा सरकार के भविष्य को लेकर धनंजय सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार आगे भी बनी रहेगी और इसमें कोई परिवर्तन नहीं होगा। उनके इस बयान को प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अहम माना जा रहा है।
श्रीराम कथा के मंच से दिए गए धनंजय सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति और धार्मिक आयोजनों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।





