नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुँचाएँ- मंगल प्रभात लोढ़ा

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। मुंबई पश्चिमी उपनगर गोरेगाव स्थित नेस्को में ड्रग्स सेवन से संबंधित घटित मामले की पृष्ठभूमि में कैबिनेट मंत्री व मुंबई उपनगर जिले के सहप्रभारी मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नशामुक्ति का संदेश घर -घर तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में पूरे वर्षभर नशा मुक्ति अभियान चलाए जाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस की स्वीकृति से गृह विभाग द्वारा शासन निर्णय जारी कर इस संदर्भ में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा हैं। गोरेगांव में इस उच्चस्तरीय समिति की पहली बैठक थी।
बैठक में नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। 26 जून को मनाए जाने वाले विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई गई। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, गृहनिर्माण संस्थाओं, व्यायामशालाओं, स्पोर्ट्स क्लबों तथा मनपा के प्रभाग कार्यालयों जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर 26 जून को ऑनलाइन माध्यम से एक ही समय पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना शामिल है।
इस अभियान के अंतर्गत वर्षभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए मासिक कार्यक्रम समय सारिणी भी तैयार की गई है।
इस अभियान में महानगरपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा पुलिस प्रशासन की सक्रिय सहभागिता रहेगी। साथ ही अन्य सभी विभागों की भी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जनजागरूकता के लिए पोस्टर, शॉर्ट फिल्म, पथनाट्य, जिंगल्स, गीत तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य में नशा मुक्ति अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। 26 जून केवल एक दिन नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने की जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर है। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति की पृष्ठभूमि में, शासन और समाज को मिलकर नशा मुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। इस बैठक में आंचल गोयल (मुंबई शहर जिलाधिकारी), सौरभ कटियार (मुंबई उपनगर जिलाधिकारी) तथा संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
****
