मुंबई शहर एवं उपनगर में कौशल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से राज्य में युवक-युवतियों के लिए ‘महात्मा ज्योतिराव फुले कौशल प्रशिक्षण केंद्र’ प्रथम चरण में सौ केंद्र शुरू किए जाएंगे। आगामी समय में राज्य में इन कौशल विकास केंद्रों की संख्या एक हजार तक बढ़ाई जाएगी। यह योजना मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में भी, मुंबई शहर एवं उपनगरों में लागू की जाएगी।
महाराष्ट्र के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के माध्यम से इन कौशल केंद्रों के लिए स्थान उपलब्ध कराने हेतु आयुक्त को पत्र के माध्यम से अनुरोध किया गया है। मुंबई महानगरपालिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री मंगल प्रभात लोढा बोल रहे थे। उन्होंने बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे से भी भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुंबई की विभिन्न समस्याओं सहित युवाओं के रोजगार के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी ‘महात्मा ज्योतिराव फुले कौशल प्रशिक्षण केंद्र’ शुरू करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत नई शिक्षा नीति के अनुसार शिक्षा के साथ कौशल का समन्वय किया जाएगा। झोपड़पट्टी क्षेत्रों में भी ये प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में आवश्यक कौशल सिखाए जाएंगे। डिग्री के साथ कौशल होने पर ही रोजगार के अवसर अधिक उपलब्ध होंगे। हैंगिंग गार्डन (फिरोजशाह मेहता गार्डन) में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु रैंप का निर्माण करना, सायन स्थित ‘अम्मान देखनी’ संस्था के पास डीपी रोड पर हुए अतिक्रमण को हटाकर सड़क को नागरिकों के लिए खुला करना, इन विषयों पर भी मुंबई महापालिका आयुक्त के साथ चर्चा की गई। मुंबई की आधारभूत संरचना और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महानगरपालिका और राज्य सरकार मिलकर कार्य करेंगी, ऐसा विश्वास मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने व्यक्त किया।
******
