उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की प्रमुख उपस्थिति में होगा राज्य कौशल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह

कौशल विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुख और उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने वाला एक अग्रणी संस्थान है – कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की प्रमुख उपस्थिति में 21 मार्च 2026 को रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने कहा कि यह विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुख और उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने वाला एक अग्रणी संस्थान है। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह शनिवार, 21 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे लोकभवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित होगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी उपस्थित रहेंगे, ऐसी जानकारी मंत्री लोढा जी ने दी।
मंत्री लोढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की क्षमता को पहचानते हुए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया है। उनके नेतृत्व में देश तेजी से महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें कौशल आधारित शिक्षा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य में युवाओं के लिए अनेक रोजगारोन्मुख उपक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय उद्योग आधारित शिक्षा देने वाला एक अग्रणी संस्थान है, जहां अत्याधुनिक विषयों पर आधारित पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों के करियर को नई दिशा मिल रही है। यह दीक्षांत समारोह राज्य के कौशल विकास क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
यह विश्वविद्यालय जुलाई 2022 में स्थापित किया गया था, जिसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले कुशल और रोजगार योग्य युवाओं का निर्माण करना है। विश्वविद्यालय द्वारा स्टार्टअप, इनक्यूबेशन, रोजगार क्षमता, प्रशिक्षण और काउंसलिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जल्द ही पनवेल में विश्वविद्यालय की भव्य इमारत तैयार होगी। साथ ही नवी मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर में इसके केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न कौशल आधारित पाठ्यक्रम संचालित हैं,
जैसे: स्कूल ऑफ साइंस, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी
प्रबंधन और वाणिज्य कौशल, डिजाइन और क्रिएटिव स्किल्स
अल्पकालीन कौशल प्रमाणपत्र, अंतरराष्ट्रीय रोजगार से जुड़े कौशल, इन सभी पाठ्यक्रमों को उद्योगों से जोड़ा गया है। विश्वविद्यालय ने स्थायी प्रणाली के अंतर्गत किर्लोस्कर ग्रुप और मायक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के साथ भागीदारी की है।
‘बैचलर ऑफ डिजाइन’ का अत्याधुनिक कोर्स यूरोप की प्रसिद्ध संस्था ’रुबिक फ्रांस’ के साथ सहयोग में शुरू किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में मेडिकल असिस्टेंट जैसे कौशल पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए गए हैं। इसके अलावा, विश्वविद्यालय में विभिन्न उद्योगोन्मुख डिप्लोमा, डिग्री और पोस्टग्रेजुएट कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनके लिए प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। विश्वविद्यालय द्वारा “कोड विदाउट बैरियर” पहल के अंतर्गत मायक्रो सॉफ्ट के सहयोग से राज्य की 10,000 महिला शिक्षकों और छात्राओं को एआई कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को जनरेटिव एआई जैसी आधुनिक तकनीकों में सशक्त बनाना है।
इस दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने के साथ-साथ उत्कृष्ट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भी सम्मानित किया जाएगा। मंत्री लोढा ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल विद्यार्थियों की सफलता का उत्सव नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक और वैश्विक कौशल के माध्यम से युवाओं को देश और विदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*****
