कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा के अधिकारियों को निर्देश

मंत्री लोढ़ा ने सड़कों के कंक्रीटीकरण कार्य का निरीक्षण कर लिया जायजा
गिरगांव में पारंपरिक शोभायात्रा की जोरदार तैयारी शुरू
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। गिरगांव में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा शोभायात्रा को सुचारु और उत्साहपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए जोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी संदर्भ में वहां चल रहे सड़कों के निर्माण कार्य का कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने निरीक्षण किया।
गुड़ी पड़वा से पहले सड़कों का काम पूरा होना आवश्यक होने के कारण उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाकर इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य में सभी पर्व और उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक सावधानियां और व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ऐसा भी मंत्री लोढ़ा ने इस अवसर पर बताया।
गिरगांव के विठ्ठलभाई पटेल रोड और जगन्नाथ शंकरशेट रोड के साथ ही खेतवाड़ी और प्रार्थना समाज क्षेत्र की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्गों का कंक्रीटीकरण किया जा रहा है। गुड़ी पड़वा की शोभायात्रा के इन मार्गों पर कार्य जारी होने से शोभायात्रा में बाधा आने की संभावना को देखते हुए मंत्री लोढ़ा ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्य की समीक्षा की।
कार्य जारी रहने वाले मार्गों पर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी उन्होंने वरिष्ठ यातायात पुलिस अधिकारियों को दिए। साथ ही गुड़ी पड़वा से पहले अर्थात 17 मार्च तक किसी भी परिस्थिति में कार्य पूर्ण कर सड़कों का सौंदर्यीकरण करने के आदेश मंत्री लोढ़ा ने महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए।

मंत्री लोढा ने इस दौरान अनधिकृत फेरीवालों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शोभायात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारु बना रहे। गिरगांव की गुड़ी पड़वा शोभायात्रा हिंदू नववर्ष के स्वागत का एक भव्य, पारंपरिक और उत्साहपूर्ण आयोजन है। इस यात्रा में ढोल-ताशों की गूंज, महिलाओं की बाइक रैली, नौवारी साड़ी में सजी रणरागिनियां और ऐतिहासिक विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण होती हैं। हर वर्ष गुड़ी पड़वा की सुबह से ही गिरगांव की सड़कों पर मराठी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।मंत्री लोढ़ा ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण उत्सव में केवल सड़कों के निर्माण कार्य के कारण कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।
*****
