विधायक राजहंस सिंह, विद्या ठाकुर, संजय उपाध्याय और आचार्य पवन त्रिपाठी व प्रमोद मिश्र समेत 35 उत्तर भारतीयों को मिली अहम जिम्मेदारी
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। एशिया की वैभवशाली बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए मुंबई भाजपा ने 144 नेताओं की चुनाव संचालन समिति घोषित की है जिसमें मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण विशेष निमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं।

भाजपा ने उत्तर भारतीय मतदाताओं पर विशेष फोकस करते हुए इस चुनाव संचालन समिति में 35 से अधिक उत्तर भारतीय नेताओं को शामिल किया है।

बीएमसी का चुनाव की दुंदुभी 20 दिसंबर तक बज सकती है। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने एक दिन पहले ही सभी 29 महानगरपालिकाओं के आयुक्तों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया है। इससे जनवरी 2026 में बीएमसी चुनाव होने की संभावना है।

इसके मद्देनजर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की ओर से बीएमसी चुनाव 2026 के लिए चुनाव संचालन समिति घोषित की गई है। इस समिति के अध्यक्ष अमित साटम है जबकि कैबिनेट मंत्री आशिष शेलार को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। इसमें विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और मंत्री मंगल प्रभात लोढा के अलावा मुंबई के सभी विधायक शामिल किए गये हैं।

विधायकों में राजहंस सिंह, संजय उपाध्याय और विद्या ठाकुर के अलावा श्री सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष व मुंबई भाजपा के महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी, मुंबई भाजपा सचिव प्रमोद मिश्र, ज्ञानमूर्ति शर्मा, जे पी सिंह, मुंबई भाजपा प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह, पूर्व नगरसेवक पंकज यादव, प्रवक्ता अजय सिंह, बीएमसी पार्षद गुट के पूर्व नेता विनोद मिश्रा, विवेकानंद गुप्ता, अमरजीत मिश्र, अमरजीत सिंह, अखिलेश चौबे, विवेकानंद गुप्ता, रमाकांत गुप्ता, श्रीनिवास त्रिपाठी आदि नेताओं का समावेश है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि चुनाव संचालन समिति में दिग्गज उत्तर भारतीय नेताओं को शामिल कर भाजपा ने मुंबई के चुनाव में प्रभावशाली माने जाने वाले उत्तर भारतीय समाज का बड़ा संदेश दिया है।
—–
