छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त सुविधाओं उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी अधिकारियों को मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने दिए निर्देश

मंत्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने संयुक्त रूप से किया दौरा
जा.न्यूज़ संवाददाता
मुंबई : मुंबई क्षेत्र में आगामी 27 और 28 अक्टूबर को छठ पूजा का आयोजन होना है। इस संदर्भ में निर्धारित पूजा स्थलों पर अपर्याप्त सुविधाओं को लेकर मुंबई उपनगर के उप प्रभारी मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक अमित साटम ने शुक्रवार सुबह छठ पूजा के लिए तैयार किए जा रहे पूजा स्थलों का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएमसी द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर असंतोष व्यक्त किया।
जुहू चौपाटी और वरली जांबोरी मैदान परिसर में मुंबई उपनगर के उप प्रभारी मंत्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने महापालिका द्वारा की गई सुविधाओं की समीक्षा की। जुहू चौपाटी पर छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं के लिए पूजा के बाद कपड़े बदलने हेतु 75 स्वतंत्र कक्षों की मांग की थी, लेकिन अब तक महापालिका ने केवल 30 कमरे ही बनाए हैं। अन्य स्थलों पर भी पर्याप्त सुविधाएं न होने से छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। इस विषय में मंत्री लोढा ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी से फोन पर चर्चा की, जिसके बाद उन्होंने आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने भी पूजा समिति की बातें ध्यान से सुनते हुए संबंधित स्थानीय अधिकारियों को पूजा स्थल पर आवश्यक सुविधाएं तुरंत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुंबई के समुद्र तटों और तालाब किनारों पर बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय श्रद्धालु छठ पूजा का आयोजन करते हैं। श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें, इसके लिए मंत्री लोढा और भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में पूर्व-तैयारी समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में महापालिका अधिकारियों ने पूजा स्थलों पर पेयजल, रोशनी, पूजा के लिए टेबल, यातायात नियंत्रण, शौचालय और महिला श्रद्धालुओं के लिए कपड़े बदलने के कमरे उपलब्ध कराने जैसी सुविधा देने की बात कही थी। पूजा समिति के अनुसार, मुंबई के लगभग 60 स्थलों पर छठ पूजा का आयोजन होगा, और सभी स्थानों पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश पालिका अधिकारियों को दिए गए हैं।

साथ ही, पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होने के कारण कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त की व्यवस्था करने के निर्देश भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं। इस निरीक्षण दौरे में वरिष्ठ अधिकारी, छठ पूजा समन्वयक दिवाकर मिश्रा और जितेंद्र झा उपस्थित थे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्वजीत चंदे और साक्षी सावंत भी इस अवसर पर मौजूद थे।
