
छठ पूजा के दौरान मुंबई महानगरपालिका की ओर से उपलब्ध होगी सुविधाएँ
मेट्रो और बेस्ट बस सेवा देर रात तक जारी रहेंगी
मंत्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के प्रयासों को मिली सफलता
छठ पूजा उत्सव समितियों ने किया अभिनंदन
जा.न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में छठ पूजा उत्सव बड़े उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर महापालिका की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उत्सव के दौरान शहर की मेट्रो और बेस्ट बस सेवाएँ देर रात तक जारी रहेंगी।
मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा और भाजपा मुंबई अध्यक्ष विधायक अमित साटम ने शुक्रवार को छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) मुख्यालय में बैठक आयोजित की थी। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस बैठक में कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुंबई में 27 से 28 अक्टूबर 2025 के दौरान होनेवाली छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जानेवाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए आयोजित बैठक में मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त श्री अमित सैनी, उपायुक्त श्री प्रशांत सकपाळे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री परमजीत कुमार दहिया, उत्तर भारतीय जनता परिषद के महाराष्ट्र अध्यक्ष श्री संजय पांडे, मुंबई भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री तेजिंदर तिवाना सहित छठ पूजा उत्सव समितियों के 55 प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में समितियों के सुझावों पर प्राथमिकता से विचार किया गया।

इन सुझावों के अनुसार, मुंबई में निर्धारित पूजा स्थलों पर पीने के पानी, प्रकाश व्यवस्था, पूजास्थल पर टेबल, यातायात नियंत्रण, शौचालय तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए पूजा के बाद कपड़े बदलने हेतु अलग कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे, ऐसी जानकारी महानगरपालिका के उपायुक्त श्री प्रशांत सकपाळे ने दी। शहर और उपनगरों में कुल 40 पूजा स्थल तय किए गए हैं, जो मांग के अनुसार 60 तक बढ़ाए जा सकते हैं।
राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हमेशा इस बात पर जोर देते हैं कि राज्य के त्यौहार और उत्सव उल्लासपूर्वक मनाए जाएँ और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएँ प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएँ। इसी दिशा में यह बैठक आयोजित की गई थी, ऐसा मंत्री श्री लोढा ने बताया। उन्होंने उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर की यातायात सेवाएँ देर रात तक चालू रखी जाएँ।
इस संदर्भ में मेट्रो और बेस्ट बस सेवाएँ देर रात तक जारी रखने के लिए महानगरपालिका की ओर से संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा, ऐसा अतिरिक्त आयुक्त श्री अमित सैनी ने स्पष्ट किया। साथ ही, यदि कुछ छठ पूजा मंडलों को पूजा स्थल की अनुमति की आवश्यकता हो, तो इसके लिए तुरंत ‘वन विंडो सिस्टम’ के माध्यम से अनुमति दी जाए और यह अनुमति गणेशोत्सव की तरह आगामी पाँच वर्षों के लिए मान्य हो, ऐसी सूचना भाजपा मुंबई अध्यक्ष श्री अमित साटम ने दी, जिसे अधिकारियों ने भी स्वीकृति दी।
मुंबई में देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए एकत्रित होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनुचित घटना न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त की माँग छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने की। इस पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री परमजीत कुमार दहिया ने बताया कि सभी पूजा स्थलों पर सख्त पुलिस बंदोबस्त और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँगे।
समग्र रूप से सभी माँगों पर सकारात्मक विचार कर कार्रवाई किए जाने पर छठ पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने मंत्री श्री मंगलप्रभात लोढा और मुंबई भाजपा अध्यक्ष श्री अमित साटम का आभार व्यक्त किया।
—
