मुंबई में उत्तर भारतीय व्यापारी संघ स्थापना दिवस संपन्न
मुंबई।
‘देश सुरक्षित रहना चाहिए, इस सुरक्षा की गारंटी हिंदू संस्कार है।’ उक्त उद्गार मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने व्यक्त किए। श्री त्रिपाठी उत्तर भारतीय व्यापारी संघ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में संघ के मार्गदर्शक विधायक श्री प्रसाद लाड और उत्तर भारतीय व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री ललित यादव की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि
पहले देश सुरक्षित रहना चाहिए और इस सुरक्षा की गारंटी हिंदू संस्कार है। जब तक इस देश में सनातन का प्रभुत्व रहेगा, तब तक ही हम सभी सुरक्षित रह सकते हैं। आज बांग्लादेश सहित जहां भी हिंदू संस्कृति कमजोर हुई, वहां की परिस्थिति देख लीजिए। इसलिए हम सभी लोगों को सतर्क रहना चाहिए।
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस जी ने हमेशा ही उत्तर भारतीयों का सम्मान किया तथा उनके हितों की भी हमेशा चिंता की। महाराष्ट्र में कोई व्यापारियों को डरा-धमका कर वसूली नहीं कर सकता क्योंकि यहां पर भाजपा गठबंधन की सरकार है । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी मुद्रा योजना द्वारा लोन देकर छोटे व्यापारियों को सशक्त करने का कार्य किया है।
