छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, कांग्रेस के दिग्गज नेता शहर में डटे

जा. न्यूज़ संवाददाता
पुणे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की पुणे मे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए छात्राओं का जमावड़ा लगेगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह से राज्य भर के कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता पुणे शहर में डटे हुए हैं। कार्यक्रम के लिए मंच खड़ा किया गया है।
कोटा, देहरादून, प्रयागराज के कार्यक्रमों के बाद राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम अब पुणे में होने जा रहा है। पुणे आरटीओ के पास स्थित एसएसपीएमएस मैदान में यह कार्यक्रम होनेवाला है। इस कार्यक्रम में पुणे शहर और राज्य भर से बड़ी संख्या में छात्राओं, युवतियों और युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इस संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात, सुरक्षा व्यवस्था और मैदान पर प्रबंधन अत्यंत मुस्तैदी से किया जा रहा है। मैदान पर मंच औऱ आनेवाले छात्राओं को खड़े रहने की व्यवस्था की जा रही है। इसी बीच, यह समारोह पुणे के इतिहास में सबसे भव्य और बड़ा कार्यक्रम साबित होगा, ऐसा दावा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा घेरा: 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के सुचारू आयोजन और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुणे पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में जानकारी देते हुए पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के परिसरों में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
*******
