शिंदे गुट का खत्म होगा खेल – राउत
राउत का खेल तो पहले ही खत्म हो चुका है- शिवसेना
जा. न्यूज़ संवाददाता
मुंबई। शिवसेना के दोनों गुटों के मध्य उच्चतम न्यायालय में जारी अंतिम सुनवाई के बीच उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रतिद्वंद्वी शिवसेना अर्थात एकनाथ शिंदे गुट का ”खेल कानूनी रूप से खत्म हो जाएगा।”
राउत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) संविधान में विश्वास करती है। उन्होंने चार वर्ष पहले पार्टी में हुए विभाजन के बाद उच्चतम न्यायालय में दायर याचिकाओं के संदर्भ में यह टिप्पणी की। उन्होंने पोस्ट में कहा, ”हमें पूरा विश्वास है कि उनका खेल कानूनी तरीके से खत्म हो जाएगा।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की मुस्कुराती हुई तस्वीर भी साझा की।
राउत पर पलटवार करते हुए शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि जब भी प्रतिद्वंद्वी गुट को अदालत से प्रतिकूल फैसला मिलता है, वह न्यायपालिका के खिलाफ बयानबाजी करने लगता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”संजय राउत, आपका खेल तो पहले ही खत्म हो चुका है। अब आपके पास केवल अपशब्दों का इस्तेमाल करना ही बचा है।”
उच्चतम न्यायालय ने एकनाथ शिंदे गुट को ‘असली शिवसेना’ की मान्यता देने के निर्वाचन आयोग के निर्णय के विरुद्ध उद्धव ठाकरे गुट की याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई बुधवार को आरंभ की। शीर्ष अदालत ने कहा था कि राजनीतिक पार्टी का अपने विधायक दल पर नियंत्रण बना रहता है और उसके वैध फैसले ही मान्य होने चाहिए। हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को राजनीतिक निर्णय लेने के लिए कुछ ”गुंजाइश’ देने का भी समर्थन किया, अगर उनमें से ज़्यादातर लोग राजनीतिक पार्टी के निर्देशों से ‘सचमुच असहमत’ हों।
गौरतलब है कि 2022 में एकनाथ शिंदे ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी, जिससे बाल ठाकरे द्वारा स्थापित मूल शिवसेना दो गुटों में बंट गई और दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाई शुरू हो गई। बाद में शिंदे गुट को निर्वाचन आयोग से ‘शिवसेना’ (मूल) नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न भी मिल गया।
*******
